रानीखेत : मौसम विभाग का अलर्ट और कुछ ही घंटों बाद ताड़ीखेत ब्लॉक के दुर्गम में बादल फटने से भारी तबाही मची। करीब दो घंटा अतिवृष्टि से ग्राम पंचायत मुसोली व मटेला के तोक गांव बगवान में 500 नाली से ज्यादा खेती तबाह हो गई है। उफनाए बरसाती गधेरे से 10 मकान खतरे की जद में आ गए हैं। मुसोली गांव व विशालकोट के हल्दियानी तोक में भी 200-200 नाली कृषि भूमि रोखड़ में तब्दील हो गई। प्रभावित गांव सब्जी उत्पादक हैं। नगदी फसल बर्बाद होने से किसानों को भारी क्षति पहुंची है। इसके अलावा सिंचाई टैंक, पेयजल योजनाएं व नहरें नेस्तनाबूद हो गई। तमाम पैदल मार्ग व मुख्य मोटर मार्ग ध्वस्त भी हो गए।
गुरुवार की मध्यरात्रि बाद दूसरे प्रहर करीब दो बजे गर्जना के साथ दुर्गम ग्राम पंचायत मुसोली व मटेला के बगवान में बादल फट गया। तकरीबन दो घंटे तक आसमान से बरसी आफत से पुराना बरसाती गधेरा उफना गया। 500 नाली से ज्यादा खेती रोखड़ में बदल गई। 10 मकान भूकटाव से खतरे की जद में आ गए।
उधर ग्राम मुसोली के साथ ही विशालकोट के हल्दियानी तोक में भी 200-200 नाली कृषि भूमि तबाह हो गई। यहां बड़े पैमाने पर उगाई गई गोभी, शिमला मिर्च, बीन आदि नगदी फसलें नष्ट हो गई हैं। तीनों इलाकों में आठ सिंचाई टैंक ढह गए। पेयजल योजनाएं व नहरें ध्वस्त हो गई।
बगवान में इनके घर हैं खतरे में
गोपाल सिंह पुत्र भीम सिंह, प्रताप सिंह पुत्र देव सिंह, भीम सिंह पुत्र गुसाई सिंह, बालम सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, धन सिंह पुत्र हयात सिंह, बचे सिंह पुत्र गोधन सिंह, चंदन सिंह पुत्र हीरा सिंह, खुशाल सिंह पुत्र अनूप सिंह, मदन सिंह पुत्र गुसाई सिंह व गोपाल सिंह पुत्र भीम सिंह (इन सभी के शौचालय ध्वस्त, आंगन व सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त)
Danik Jagran 18-7-2015
No comments:
Post a Comment