देहरादून। उत्तराखंड में बीती रात से मौसम का मिजाज बदल गया। गढ़वाल और कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने भी अगले 36 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, बदरीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और हेमकुंड यात्रा सुचारु है, जबकि गंगोत्री हाईवे धरासू बैंड के नालू पानी के पास बंद। अभी पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं।
बीती रात से राज्य में बारिश हो रही है। प्रदेश के दूरस्थ इलाकों में अभी भी कई जगह संपर्क मार्ग बाधित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केदारनाथ में बीती रात से बारिश हो रही है, लेकिन कुछ देर बाद मौसम साफ होने पर यात्रियों को सोनप्रयाग से केदारनाथ रवाना किया गया। हवाई सेवाएं भी सुचारू रहीं।
बदरीनाथ क्षेत्र में भी बारिश हो रही है। वहीं, बारिश से ऋषिकेश के नीलकंठ क्षेत्र में मलबा आने से कई वाहन दब गए, जबकि विकासनगर में कालसी-चकराता मार्ग जजरेडा के पहाड़ी से मलबा आने से बाधित हो गया है। इसके अलावा कुमाऊं के नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर में भी वर्षा का दौर जारी है।
उधर, मौसम विभाग के निदेशक डॉ.आनंद शर्मा ने बताया कि अगले 36 घंटों में पहाड़ी इलाकों, विशेषकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, चमोली, पौड़ी और देहरादून में अपेक्षाकृत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए चेतावनी भी जारी की है।
पत्थर गिरने से यात्री की मौत
रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगल चट्टी के पास पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से सैनिक कॉलोनी देहरादून निवासी अवतार सिंह (33 वर्ष) की मौत हो गई।
भूस्खलन की चपेट में आने से कांवड़िया घायल
उत्तरकाशी। नालू पानी के पास भूस्खलन की चपेट मे आया एक कांवड़िया घायल हो गया। शमशेर (30 वर्ष) पुत्र लीला राम, निवासी ग्राम सकोपुरी, तहसील खिडकीडोला, जिला गुडगाँव हरियाणा गोमुख से जल लेकर वापस लौट रहा था। नालूपानी के निकट पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन की चपेट में आने से वह घायल हो गया। उसे 108 सेवा के जरिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ मे भर्ती कराया गया।
Jagran 1-8-15
No comments:
Post a Comment