Showing posts with label कोरोना संक्रमित. Show all posts
Showing posts with label कोरोना संक्रमित. Show all posts

Wednesday, December 16, 2020

Corona In Uttarakhand: 567 नए संक्रमित मिले, तीन की मौत, सांसद अजय भट्ट कोरोना संक्रमित

 17-12-2020

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही है। देहरादून और नैनीताल जिले में संक्रमित मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर प्रदेश में 567 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं, तीन संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 84 हजार पार हो गया है। वहीं, 6140 सक्रिय मरीजों का उपचार चल रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को 12778 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, देहरादून जिले में सबसे ज्यादा 194 संक्रमित मिले हैं। नैनीताल में 123, अल्मोड़ा में 57, हरिद्वार में 37, चमोली में 26, चंपावत में 21, पिथौरागढ़ में 21, ऊधमसिंह नगर में 20, पौड़ी में 18, उत्तरकाशी में 17, बागेश्वर में 16, टिहरी में 14, रुद्रप्रयाग जिले में तीन संक्रमित मिले हैं।

प्रदेश में 24 घंटे के भीतर तीन संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। इसमें सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एक, एम्स ऋषिकेश में एक और कैलाश हॉस्पिटल में एक मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है।

प्रदेश में अब तक 1375 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, 498 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया है। इन्हें मिला कर 75547 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 84069 हो गई है। सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण की दर 5.41 प्रतिशत और रिकवरी दर 89.86 प्रतिशत है।

सांसद अजय भट्ट को कोरोना, दिल्ली एम्स में भर्ती

नैनीताल ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आए गए हैं। उन्हें एहतियात के तौर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली में भर्ती कराया गया है।

सांसद प्रतिनिधि बलजीत सोनी के मुताबिक, रविवार को अजय भट्ट की कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद वह अपने नई दिल्ली स्थित आवास में आइसोलेट हो गए थे। लेकिन बुधवार को उन्हें हल्की हरारत होने पर एम्स में भर्ती करा दिया गया।

प्रदेश में कोरोना मरीजों की मृत्यु दर कम नहीं हो रही है। अब तक कुल मरीजों की मौत में 87 प्रतिशत चार मैदानी जिलों में हुई है। इसमें सबसे अधिक देहरादून जिले में 767 प्रतिशत मौत हुई है। नौ पर्वतीय जिलों में मरीजों की मृत्यु दर बढ़ रही है।

प्रदेश में कोरोना का पहला मामला 15 मार्च को मिला था। तब से लेकर 16 दिसंबर तक प्रदेश में 1375 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। इसमें 87 प्रतिशत से अधिक मौत सिर्फ चार मैदानी देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल व ऊधमसिंह नगर में है। जबकि नौ पर्वतीय जिलों में 12.65 प्रतिशत मौत हुई है।

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के आधार पर पर्वतीय जिलों में भी कोरोना मरीजों की मृत्यु बढ़ रही है। 16 अक्तूबर को नौ जिलों में मृत्यु दर 7.36 प्रतिशत थी। 16 नवंबर को मृत्यु दर बढ़ कर 9.14 प्रतिशत हो गई। वहीं, 16 दिसंबर को मृत्यु दर 12.65 प्रतिशत पहुंच गई है।

नौ पर्वतीय जिले पौड़ी, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चंपावत जिले में कुल 174 कोरोना मरीजों की मौत चुकी है।

Amar Ujala