देहरादून। प्रदेश में आज सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हैं। भारी बारिश से जगह-जगह भूस्खलन होने से यातायात भी बाधित हो गया है। वहीं गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे बंद होने से यात्रियों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। दूसरी ओर केदारनाथ और हेमकुंड यात्रा सुचारु है। गढ़वाल मंडल के चमोली जिले में बीती रात भर बारिश के बाद सुबह मौसम साफ हो गया। भारी बारिश के कारण मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे पिनोला, लामबगड़, खचड़ा नाले में बंद है। बदरीनाथ यात्रा पर जाने वाले यात्री पैदल ही आवाजाही कर रहे हैं। आज सुबह 100 से अधिक यात्री गोविंदघाट के लिए रवाना हुए। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री हाईवे नालूपानी, रतूड़ी सेरा, नेताला, लालढ़ांग के पास बंद है। वहीं यमुनोत्री हाईवे की भी बंद होने की सूचना है। पौड़ी जिले में लगातार बारिश के कारण संकरीसैंण के निकट मलबा आने से पौड़ी-पैथनी मार्ग बाधित हो गया। भूस्खलन के कारण जिले में 12 संपर्क मार्ग भी बंद हैं। कोटद्वार में बीती रात से लगातार बारिश जारी है। बारिश के कारण पूरी रात हाईवे बंद रहा। वहीं क्षेत्र में सात अन्य सड़कें भी बंद हो गई हैं। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ समेत जिले भर में हल्की बारिश हो रही है। हाईवे पर यातायात सुचारु है। टिहरी जिले में सुबह से आसमान में काले बादल छाए हैं, जिससे बारिश की आशंका जताई जा रही है। वहीं राजधानी देहरादून में बीती रात तेज बारिश के बाद आज सुबह मौसम साफ हो गया। दूसरी ओर कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़ जिले में सुबह से तेज बारिश हो रही है। मुनस्यारी और बागेश्वर में भी तेज बारिश जारी है। वहीं चम्पावत में आसमान में बादल छाए हैं और रुक-रुक कर फुहारें भी पड़ रही हैं। पढ़ें-सूबे में मौसम ने दिखाए कई रंग, चारधाम यात्रा सुचारु -
Jagran 18-8-2015
No comments:
Post a Comment