Wednesday, September 23, 2015

उत्तराखंड में पटवारी के 550 पदों पर भर्ती

देहरादून

प्रदेश में युवाओं को रोजगार का एक बड़ा मौका हासिल होने जा रहा है। सरकार पटवारी के 550 से ज्यादा पदों के लिए गुरुवार से भर्ती प्रक्रिया आरंभ करने जा रही है। इनमें से लगभग 150 पद विभागीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति के जरिए भरे जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया जिलावार संपन्न की जाएगी।

उत्तराखंड की प्रशासनिक व्यवस्था में पटवारियों का अहम योगदान है। खासकर पर्वतीय जिलों में भूमि संबंधी कार्यो के साथ ही पटवारियों के पास कानून व्यवस्था का जिम्मा भी है। विषम परिस्थितियों के बावजूद वे अपने इस दायित्व का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। हालांकि, पर्वतीय इलाकों में स्थिति यह है कि पटवारियों के सैकड़ों पदों के रिक्त रहने से एक-एक पटवारी के पास दो-दो, तीन-तीन क्षेत्रों का जिम्मा है। यही वजह भी है कि पटवारी
महासंघ लंबे समय से रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग करता आ रहा है। पटवारियों के पद खाली रहने से आ रही दिक्कतों को देखते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पिछले दिनों पटवारियों के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती की बात कही थी।

पटवारियों की भर्ती राज्य में बारह वर्षो बाद की जा रही है। उत्तराखंड के अलग राज्य बनने के बाद वर्ष 2003 में पटवारियों को भरने के लिए प्रक्रिया संपन्न कराई गई, जो खासी विवादित भी रही थी। उसके बाद अब जाकर सरकार ने पटवारियों के खाली पद भरने को तवज्जो दी है। राज्य में पटवारियों व लेखपालों के कुल 1644 पद हैं। इनमें पटवारियों के 1216 व लेखपालों के 428 पद शामिल हैं। पटवारी राजस्व कार्यो के साथ पुलिस कार्यो को भी
अंजाम देते हैं जबकि लेखपाल केवल राजस्व कार्यो को। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक वर्तमान में राज्य में पटवारियों के कुल 934 सर्किल हैं।

राजस्व महकमे से प्राप्त ब्योरे के मुताबिक वर्तमान समय में पटवारियों के लगभग 400 पद रिक्त हैं, जबकि लेखपालों के रिक्त पदों की संख्या लगभग 150 है। यानी कुल मिलाकर लगभग 550 रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया होनी है। इनमें से लगभग चार सौ पद सीधी भर्ती के हैं और डेढ़ सौ पद विभागीय पदोन्नति से भरे जाएंगे। शासन भर्ती प्रक्रिया किसी एजेंसी के बजाए स्वयं ही जिलावार संचालित करेगा। यानी, प्रत्येक जिले में रिक्त पदों पर अलग-अलग भर्ती की जाएगी। सचिव राजस्व डीएस गब्र्याल के मुताबिक पटवारी भर्ती प्रक्रिया गुरुवार
से जिलावार आरंभ की जा रही है और लगभग 550 पदों पर भर्ती की जाएगी।


'सरकार ने पटवारियों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दे दिए थे और अब गुरुवार से भर्ती प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। रिक्त पद भरने से लंबे समय से आ रही दिक्कतें भी दूर हो जाएंगी।'

-यशपाल आर्य, राजस्व मंत्री, उत्तराखंड सरकार।

Danik Jagran 23-9-15

No comments:

Post a Comment